June 08, 2026

ओमान तट के पास जहाज में धमाका, सभी 24 भारतीय सुरक्षित

मस्कट/इस्तांबुल, 08 जून । ओमान तट एवं रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट एक वाणिज्यिक तेल टैंकर में हुए धमाके के बाद उस पर सवार सभी 24 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जो सभी भारतीय हैं। शुरुआती रिपोर्टों में धमाके के पीछे संदिग्ध ड्रोन या मिसाइल हमले की आशंका जताई गई है।

ओमान की न्यूज एजेंसी अरब टाइम्स कुवैत और तुर्किए की सरकारी समाचार संस्था अनाडाेलू एजेंसी के अनुसार पलाऊ के झंडे के तहत संचालित ऑयल एवं केमिकल टैंकर एमटी मैरिवेक्सओमान के तट से लगभग 15 नॉटिकल मील दूर समुद्र में यात्रा कर रहा था, तभी जहाज़ में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट से इंजन रूम को गंभीर क्षति पहुंची और जहाज़ में आग लग गई।

धमाके के कारण इंजन कंपार्टमेंट में बड़ा छेद हो गया, जिससे जहाज़ में तेजी से पानी भरने लगा और उसका संतुलन बिगड़ गया। आग फैलने और पानी भरने की वजह से कुछ नाविकों के जहाज़ पर फंस जाने की आशंका भी जताई गई थी। जहाज की लाइफबोट्स को नुकसान पहुंचने से स्थिति और मुश्किल हो गई, जिससे लोगों को बाहर निकालने की कोशिशों में बाधा आई।

वहीं, अनाडाेलू एजेंसी ने भारत के बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा के हवाले से बताया कि यह घटना भारतीय समयानुसार दोपहर करीब 1:30 बजे एमटी मैरिवेक्स जहाज़ पर हुई। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि मौजूदा जानकारी के मुताबिक चालक दल के सभी लोग सुरक्षित हैं। इससे पहले फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडियाने भी पुष्टि की थी कि जहाज़ पर भारतीय नागरिक मौजूद हैं और उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता है।

यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास का समुद्री क्षेत्र सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल और व्यापारिक शिपिंग रूट्स में से एक माना जाता है, जहां हाल के महीनों में क्षेत्रीय तनाव और समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।

अधिकारियों ने अभी तक धमाके के वास्तविक कारणों के बारे में कुछ भी नहीं कहा है। मामले की जांच जारी है और समुद्री सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। भारतीय अधिकारियों ने कहा है कि वे जहाज़ और उसके चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों के संपर्क में हैं। फिलहाल, चालक दल के सभी भारतीयों के सुरक्षित होने की पुष्टि से राहत मिली है, जबकि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। 

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.