June 17, 2026

पीएम स्वनिधि योजना के तहत धमतरी में ‘स्वनिधि महोत्सव’ का आयोजन, पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भरता का मिला संबल

धमतरी, 17 जून । प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम धमतरी के सभाकक्ष में ‘स्वनिधि महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर जगदीश रामू रोहरा, निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया। महोत्सव का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना था। इस दौरान हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के लाभ, ऋण सुविधा, डिजिटल भुगतान प्रणाली और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना ने लाखों रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को सरलता से ऋण उपलब्ध हो रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से मजबूत बन रहे हैं। उन्होंने हितग्राहियों से योजना का अधिकतम लाभ लेने और डिजिटल लेन-देन को अपनाने का आह्वान किया। सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना केवल ऋण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छोटे व्यवसायियों को सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है तथा ऐसे आयोजनों से हितग्राहियों में जागरूकता बढ़ती है।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र रोहरा, विजय मोटवानी, निलेश लुनिया, उपायुक्त पी.सी. सार्वा, पार्षद मेघराज ठाकुर, राकेश चंदवानी, गजेंद्र कंवर, छोटू वर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। महोत्सव के दौरान ऋण वितरण प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान प्रणाली और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन हितग्राहियों के आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.