July 02, 2026

बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा निम्न दबाव, चार से आठ जुलाई तक दक्षिण बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

कोलकाता, 02 जुलाई । मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के लिए अगले कुछ दिनों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, तीन जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से चार से आठ जुलाई के बीच दक्षिण बंगाल के कई जिलों में व्यापक वर्षा, आंधी और वज्रपात हो सकता है। तटीय जिलों के लिए विशेष सतर्कता जारी की गई है, जबकि समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका को देखते हुए मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गुरुवार सुबह से कोलकाता का आकाश आंशिक रूप से बादलों से ढका रहा। शहर में गुरुवार और शुक्रवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और शहर के लिए भारी वर्षा की ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।

गुरुवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को दक्षिण बंगाल में वर्षा की तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहेगी, जिससे उमस बनी रह सकती है। हालांकि, सप्ताहांत से निम्न दबाव के प्रभाव में मौसम तेजी से बदलेगा और गंगा के मैदानी दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और वज्रपात होने की संभावना है।

उत्तर बंगाल के लिए फिलहाल किसी विशेष मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, लेकिन फिलहाल किसी बड़े मौसमीय खतरे की आशंका नहीं है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.