July 03, 2026

मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार

इम्फाल, 03 जुलाई । मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य के विभिन्न जिलों में बीते 24 घंटे में चलाए गए संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और सैन्य सामग्री बरामद की है। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इंफाल पूर्व जिले के पोरोमपत थाना क्षेत्र के वाखा चिंग इलाके में 2 जुलाई को चलाए गए अभियान में दो .32 पिस्तौल, एक 12 बोर पंप एक्शन एसबीबीएल, एक डबल बैरल गन, एक सिंगल बैरल गन, 36 हैंड ग्रेनेड, तीन डेटोनेटर, एक लाथोड शेल, दो 2 इंच मोर्टार एचई बम, पांच ट्यूब लॉन्चर, दो पिस्तौल मैगजीन, 86 जिंदा कारतूस, 20 बैरल कारतूस, नौ खाली 7.62 मिमी कारतूस तथा सैन्य वर्दियां, जैकेट और बूट बरामद किए गए।

इसी दिन चंदेल जिले के मोलचाम थाना क्षेत्र के चालजंग गांव में सुरक्षा बलों ने एक एके-56 असॉल्ट राइफल, पांच मैगजीन, 10 सिंगल बोर राइफलें, चार्जर सहित पांच बाओफेंग रेडियो सेट तथा दो 12 मिमी गेज शॉटगन बरामद कीं।

बिष्णुपुर जिले के कुम्बी थाना क्षेत्र के कुम्बी सगोलपत के निकट कुम्बी सेटअपुर की तलहटी में उपरोक्त दिन चलाए गए अभियान में एक एम-16 राइफल, एक 9 मिमी पिस्तौल, तीन एसबीबीएल गन, एक पोम्पी, पांच पोम्पी बम, चार नंबर-36 एचई हैंड ग्रेनेड, 32 जिंदा कारतूस, तीन इंसास मैगजीन और अन्य सामग्री बरामद की गई।

उधर, उखरुल जिले के लितान थाना क्षेत्र के थोयी गांव/महादेव टॉप तथा जालेनबुंग गांव में सुरक्षा बलों ने दो-दो बंकरों को ध्वस्त कर दिया।

इस बीच, 1 जुलाई को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय उग्रवादी अथोकपम जॉयचंद्र सिंह उर्फ इबुंगचा (45) को इंफाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के संजेनबाम खुल्लेन इलाके से गिरफ्तार किया।

एक अन्य कार्रवाई में मणिपुर पुलिस ने कीशामपत क्षेत्र से वाइखोम माइकल सिंह (24) को गिरफ्तार किया। वह कीशामथोंग हाई स्कूल के गोदाम से 15 बोरी चावल चोरी करने के मामले में वांछित था। पुलिस ने बताया कि अन्य चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता और चोरी का सामान बरामद करने के लिए जांच जारी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.