सुकमा में पांच दिनों तक मॉनसून की रिमझिम बारिश के साथ छाए रहेंगे बादल
सुकमा, 08 जुलाई । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (मौसम केन्द्र, रायपुर) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार सुकमा जिले में अगले 5 दिनों (08 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक) मौसम का मिजाज पूरी तरह से खुशनुमा रहने वाला है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस दौरान जिले में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। विशेषकर 08 जुलाई को सर्वाधिक 25 मिमी बारिश होने की संभावना है, जबकि शेष दिनों में 10 से 15 मिमी तक वर्षा हो सकती है। इस रिमझिम फुहारों से सुकमा वासियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में मध्यम से अधिक या पूरी तरह से बादल छाए रहने की उम्मीद है। बादलों की इस अठखेलियों के बीच जिले का अधिकतम तापमान स्थिर रूप से 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आस-पास दर्ज किया जाएगा, जो आम जनजीवन के लिए काफी आरामदायक साबित होने वाला है। हवाओं में घुलेगी नमी, दक्षिण-पश्चिम से आएगी ठंडी बयार मौसम में इस बदलाव के साथ ही सुकमा जिले की हवाओं में भारी नमी (आद्र्रता) महसूस की जाएगी। सुबह और दोपहर के समय हवा में नमी का स्तर 90प्रतिशत से 65प्रतिशत के बीच रहने की संभावना जताई गई है । इसके साथ ही, जिले में मुख्य रूप से दक्षिण-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को बारिश के दौरान एहतियात बरतने की सलाह दी है। वज्रपात (आकाशीय बिजली) और अचानक तेज होने वाली हवाओं से बचने के लिए खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसान भाई भी मौसम के इस मिजाज को ध्यान में रखकर अपने खेतों में जल प्रबंधन और बुआई से जुड़े जरूरी फैसले ले सकते हैं।