July 07, 2026

जांजगीर-चांपा : ग्राम पंचायतों में रोजगार व आवास दिवस का आयोजन किया गया |

जांजगीर-चांपा, 07 जुलाई । ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और पात्र परिवारों को आवास योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार और आवास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम जी योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार शासन की योजनाओं से जुड़ सकें।

रोजगार दिवस के अवसर पर ग्रामीण श्रमिकों को बताया गया कि, विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत अब पात्र श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी मिलेगी। जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल से ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान रोजगार की मांग करने वाले श्रमिकों का पंजीयन किया गया। साथ ही हितग्राहियों की ई-केवाईसी, लंबित जियो टैगिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए तथा स्वीकृत हितग्राहियों को निर्धारित समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा सभी जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों को यह भी निर्देशित किया गया कि पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए।

जिला प्रशासन का मानना है कि रोजगार एवं आवास दिवस के नियमित आयोजन से जिले में रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास और आवास निर्माण कार्यों को नई गति मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.