July 09, 2026

ट्राई की जांच में बाड़मेर क्षेत्र में जियो और एयरटेल का बेहतर प्रदर्शन, बीएसएनएल-वीआई में नेटवर्क कमियां

नई दिल्ली, 09 जुलाई। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने राजस्थान के बाड़मेर, बालोतरा, पचपदरा और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता जांच की रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में जियो और एयरटेल का प्रदर्शन बेहतर पाया गया, वहीं बीएसएनएल और वोडाफोन-आइडिया (वीआई) के नेटवर्क में कवरेज और कॉल गुणवत्ता संबंधी कमियां सामने आई हैं।

ट्राई ने बताया कि जून में परीक्षण के दौरान 350.3 किलोमीटर क्षेत्र और सात प्रमुख हॉटस्पॉट स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता का आकलन किया गया। इसके तहत कवरेज, कॉल ड्रॉप, कॉल सेटअप सफलता दर और डेटा डाउनलोड-अपलोड स्पीड जैसे मानकों की जांच की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, कवरेज गैप के मामले में जियो और एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा। कॉल ड्रॉप के मामले में एयरटेल में 255 सफल कॉल में एक भी कॉल ड्रॉप दर्ज नहीं हुई, जबकि जियो में 260 कॉल में केवल दो कॉल ड्रॉप हुईं। इसके मुकाबले बीएसएनएल में आठ और वीआई में सात कॉल ड्रॉप दर्ज की गईं।

डेटा डाउनलोड स्पीड में जियो 228.12 एमबीपीएस के साथ सबसे आगे रहा। एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 145.06 एमबीपीएस दर्ज की गई। वीआई की स्पीड 22.40 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 8.11 एमबीपीएस रही।

अपलोड स्पीड में एयरटेल 24.57 एमबीपीएस के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि जियो की औसत अपलोड स्पीड 22.28 एमबीपीएस दर्ज की गई। वीआई में यह 10.99 एमबीपीएस और बीएसएनएल में 3.60 एमबीपीएस रही।

ट्राई के अनुसार, यह परीक्षण बाड़मेर, रामसर, बायतू, तिलवाड़ा, बालोतरा, जेरला और पचपदरा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया गया। प्राधिकरण का कहना है कि ऐसे परीक्षणों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को मोबाइल सेवाओं की वास्तविक गुणवत्ता की जानकारी उपलब्ध कराना और दूरसंचार कंपनियों को अपनी सेवाओं में सुधार के लिए प्रोत्साहित करना है।


Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.