July 30, 2026

तेहखंड व ओखला में कंप्रेस्ड बायो-गैस प्लांट्स की स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए

नई दिल्ली, 30 जुलाई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और ऑयल इंडिया लिमिटेड के बीच तेहखंड और ओखला में 800 टीपीडी क्षमता वाले कंप्रेस्ड बायो-गैस प्लांट्स की स्थापना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इन प्लांट्स में अलग किए गए जैविक कचरे से बायो-गैस बनाई जाएगी। इससे दिल्ली में मौजूद कचरे के पहाड़ कम होंगे, स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन बढ़ेगा और हमारा ‘स्वच्छ दिल्ली’ का संकल्प और मजबूत होगा।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत तेखंड एवं ओखला में अत्याधुनिक सीबीजी प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जहां प्रतिदिन लगभग 800 टन गीले कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण कर स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन किया जाएगा। यह पहल लैंडफिल पर निर्भरता कम करने, प्रदूषण में कमी लाने तथा दिल्ली में आधुनिक एवं प्रभावी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल दिल्ली के निर्माण के संकल्प को नई गति प्रदान करेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर और टिकाऊ भविष्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.