August 03, 2026

केजरीवाल मंगलवार को इथेनॉल नीति के विरोध में प्रधानमंत्री के आवास तक निकालेंगे मार्च

नई दिल्ली, 03 अगस्त । आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की इथेनॉल नीति का विरोध करते हुए मंगलवार (कल) को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकालने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह 100 लोगों के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इथेनॉल के खिलाफ 2.33 लाख से अधिक लोगों द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपने का प्रयास करेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिना पर्याप्त तर्क दिए देश पर इथेनॉल नीति थोप रही है, जिससे लोगों की गाड़ियों की माइलेज कम हो रही है और वाहन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के इस फैसले के पीछे कोई एजेंडा है।

केजरीवाल ने दावा किया कि हाल ही में कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इथेनॉल मुद्दे पर पार्टी का टाउन हॉल कार्यक्रम सफल रहा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को लगभग सात लाख लोगों ने लाइव देखा। उन्होंने दावा किया कि इथेनॉल नीति का विरोध करने वाले लोगों, कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को डराया-धमकाया जा रहा है तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नाम ऑनलाइन चलाई गई याचिका पर दो लाख 33 हजार से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने लगभग एक महीने पहले प्रधानमंत्री से मिलने के लिए पत्र लिखकर समय मांगा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसलिए अब वे मंगलवार को दोपहर 12 बजे पार्टी कार्यालय से प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे और याचिका व्यक्तिगत रूप से सौंपने का प्रयास करेंगे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.