August 06, 2026

तन्वी शर्मा कोरिया मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में, अब रक्षिता रामराज से होगी भिड़ंत

आसन (दक्षिण कोरिया), 06 अगस्त । भारत की 17 वर्षीय उभरती बैडमिंटन स्टार तन्वी शर्मा ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए कोरिया मास्टर्स 2026 के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

गुरुवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में तन्वी ने हमवतन श्रियांशी वालिशेट्टी को 21-16, 17-21, 21-13 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना एक अन्य भारतीय खिलाड़ी रक्षिता श्री रामराज से होगा, जिन्होंने जापान की मानामी सुइजू को 22-20, 21-10 से मात दी।

पिछले सप्ताह ताइपे ओपन सुपर-300 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली 17 वर्षीय तन्वी ने एक बार फिर अपने जुझारू खेल का परिचय दिया। इस महीने भारत में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप से पहले उन्होंने लगातार जीत का सिलसिला जारी रखते हुए अपनी दावेदारी मजबूत की।

ऑल इंडिया मुकाबले के पहले गेम में तन्वी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वह शुरुआती अंकों में पिछड़ गईं। हालांकि, तेज मूवमेंट और आक्रामक स्ट्रोक्स के दम पर उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार महत्वपूर्ण अंक हासिल करते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में श्रियांशी वालिशेट्टी ने दमदार वापसी की। उन्होंने मध्यांतर तक 11-6 की बढ़त बना ली और लगातार आक्रामक खेल दिखाया। तन्वी ने बीच में अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन श्रियांशी ने संयम बनाए रखते हुए दूसरा गेम 21-17 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में तन्वी पूरी तरह हावी रहीं। उन्होंने शुरुआत से ही बढ़त बनाई और पूरे गेम में श्रियांशी को वापसी का मौका नहीं दिया। विश्व रैंकिंग में 30वें स्थान पर काबिज तन्वी ने शानदार नियंत्रण बनाए रखते हुए तीसरा गेम 21-13 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.