बर्मिंघम, 16 अगस्त जर्मनी के भाला फेंक खिलाड़ी जूलियन वेबर ने यूरोपीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.40 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीत लिया।
वेबर ने यह थ्रो अपने अंतिम प्रयास में किया और इसके साथ ही चैंपियनशिप रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।
31 वर्षीय वेबर ने ब्रिटेन के स्टीव बैकली का 89.72 मीटर का पिछला चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ा। वेबर अंतिम प्रयास से पहले दूसरे स्थान पर थे और उनके हमवतन निक थुम उनसे आगे चल रहे थे। लेकिन आखिरी थ्रो में वेबर ने 90.40 मीटर की दूरी तय कर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।
इस प्रदर्शन के साथ वेबर इस सत्र में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे भाला फेंक खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले श्रीलंका के राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन रुमेश पथिरागे ने रोम डायमंड लीग में 92.67 मीटर का थ्रो किया था।
वेबर का 90 मीटर से अधिक का यह तीसरा थ्रो है और 90.40 मीटर उनका करियर का तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 91.51 मीटर है, जो उन्होंने 2025 में ज्यूरिख डायमंड लीग में हासिल किया था। इसके अलावा उन्होंने पिछले साल दोहा में 91.06 मीटर का थ्रो किया था।
स्वर्ण पदक जीतने के बाद वेबर ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं कि मैं यह आखिरी थ्रो में कर पाया। आखिरी प्रयास बिल्कुल सही था। यह शानदार एहसास था। उस थ्रो ने मुझे खुद भी हैरान कर दिया। मुझे विश्वास नहीं हो रहा था। मुझे पता था कि मैं इतनी दूर तक भाला फेंक सकता हूं। मुझे पता था कि अगर मैंने पूरी ताकत लगाई तो मैं ऐसा कर सकता हूं। मैं बहुत आभारी और खुश हूं कि यह सफल हुआ।”
hindnesri24news@gmail.com
© Hind Kesari24. All Rights Reserved.