नई दिल्ली, 29 अगस्त इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमतों में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। इस इजाफे के साथ अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत 86.98 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। नई दरें शनिवार सुबह 6 बजे से लागू हो गई है।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने जारी एक बयान में बताया कि राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में सीएनजी की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोत्तरी की गई है। अब दिल्ली में इसकी नई कीमत 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे पहले यह कीमत 83.09 रुपये प्रति किलो थी। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी का नया रेट 95.59 रुपये प्रति किलो हो गया है।
इस बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश के शामली और मेरठ में सीएनजी का नया दाम 95.47 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। गुरुग्राम में अब यह 92.01 रुपये प्रति किलो पड़ रहा है। हरियाणा के रेवाड़ी में नया दाम 91.59 रुपये प्रति किलो हाे गया है।
आईजीएल ने जारी बयान में कहा कि सीएनजी के लिए जरूरी गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) से पूरा किया जा रहा है, जिसकी हाजिर या मौजूदा बाजार में कीमतें पश्चिम एशिया संकट में संघर्ष शुरू होने के बाद से बढ़ी हैं।
उल्लेखनीय है कि, इस साल सीएनजी की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। इससे पहले आईजीएल ने 10 ही दिन की अवधि के दौरान चार चरणों में कुल 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी।
hindnesri24news@gmail.com
© Hind Kesari24. All Rights Reserved.