August 29, 2026

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डुक्की जिले में एक कोयला खदान के भीतर जहरीली गैस जमा होने से तीन खनिकों की मौत हो गई।

डुक्की, 29 अगस्त । पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डुक्की जिले में एक कोयला खदान के भीतर जहरीली गैस जमा होने से तीन खनिकों की मौत हो गई। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा खदान के अंदर गैस के रिसाव और जमा होने के कारण हुआ।

बलूचिस्तान का ऑनलाइन समाचार नेटवर्क 'द बलूचिस्तान पोस्ट' के मुताबिक मृतकों की पहचान बराकजई कबीले के पाई मुहम्मद के बेटे खान, अचकजई कबीले के फतेह मुहम्मद के बेटे सिराजुद्दीन और अफगानिस्तान निवासी अलीजई कबीले के अब्दुल्ला के रूप में हुई है।

हादसे के बाद डुक्की में पाकिस्तान यूनाइटेड वर्कर्स फेडरेशन (पीयूडब्ल्यूएफ) के अध्यक्ष शेर मुहम्मद काकर ने खनन क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा उपायों की कमी और कमजोर निगरानी के कारण कोयला खदानों में लगातार हादसे हो रहे हैं।

शेर मुहम्मद काकर ने अधिकारियों से खदानों में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने और श्रमिकों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने हादसे की परिस्थितियों की जांच कराने की भी अपील की।

बलूचिस्तान के कोयला खदान क्षेत्रों में दुर्घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। जहरीली गैस के जमा होने और अन्य सुरक्षा जोखिमों के कारण यहां कई खनिक अपनी जान गंवा चुके हैं।

ताजा हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा और सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.