छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बीते दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है।
बलरामपुर, 31 अगस्त । छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में बीते दो-तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। रामानुजगंज क्षेत्र से होकर बहने वाली कन्हर नदी इस समय उफान पर है। कन्हर एनीकट के ऊपर से पानी का तेज बहाव हो रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ गई है। लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बलरामपुर समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान अचानक बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार आज बलरामपुर जिले के कुछ जलक्षेत्रों और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम स्तर की अचानक बाढ़ आने की संभावना है। ऐसे में जिले में पहले से जारी बारिश के बीच नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
रामानुजगंज में कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। कन्हर एनीकट के ऊपर से पानी फ्लो हो रहा है। तेज बहाव को देखते हुए लोगों को नदी और एनीकट के आसपास जाने से बचने की जरूरत है। बारिश जारी रहने पर जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
कन्हर नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर इसलिए भी चिंता बढ़ा रहा है क्योंकि बीते दिनों नदी में बहने से एक व्यक्ति के डूबने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद से उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। नदी में लगातार बढ़ते पानी और तेज बहाव के बीच तलाश अभियान में भी चुनौतियां बनी हुई हैं।
लगातार बारिश के कारण जिले के निचले इलाकों में जलभराव और सतही अपवाह की स्थिति बन सकती है। नदी-नालों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी या नाले को पार करने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लोगों से अपील की गई है कि वे नदी, नाले और तेज बहाव वाले पानी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं। बारिश के दौरान जलस्तर और मौसम की स्थिति पर नजर रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने को प्राथमिकता दें।