श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दिल्ली में निकलने वाली शोभायात्रा के कारण यहां के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा।
नई दिल्ली, 01 सितंबर । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंगलवार को दिल्ली में निकलने वाली शोभायात्रा के कारण यहां के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इन इलाकों से गुरजने वालों के लिए सलाह जारी की है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित शोभायात्रा दोपहर करीब 1 बजे शुरू होगी और शाम 7 बजे तक चलेगी। शोभायात्रा में करीब 2 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसमें रथ और झांकियां भी शामिल रहेंगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सड़क पर मौजूद रहने के कारण शोभायात्रा के पूरे मार्ग और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। मंगलवार दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक डीबीजी रोड, अजमल खां रोड और आसपास के हिस्सों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ यातायात को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। इसके चलते कुछ जगहों पर वाहनों को रोकने या वैकल्पिक रास्तों पर भेजने की जरूरत भी पड़ सकती है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस अवधि में डीबीजी रोड और अजमल खां रोड पर जाने से बचें। खासकर जिन लोगों को इन रास्तों से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचना है, उन्हें घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग तय करने की सलाह दी गई है।
प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार पंचकुइयां रोड और न्यू रोहतक रोड समेत आसपास की अन्य सड़कों का इस्तेमाल कर सकते हैं।