September 01, 2026

दिल्ली पुलिस ने 20 दिनों के अंदर चोरी हुए 80 मोबाइल बरामद किए हैं।

नई दिल्ली, 01 सितंबर । दिल्ली पुलिस ने 20 दिनों के अंदर चोरी हुए 80 मोबाइल बरामद किए हैं। इनमें से 51 फोन उनके मालिकों को सौंप दिए गए। शेष 29 फोन को सौंपना बाकी है।

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान 11 अगस्त से 31 अगस्त के बीच चलाया गया। मोबाइल फोन को ट्रेस करने के लिए तकनीकी विश्लेषण, आधुनिक तकनीकी साधनों और फील्ड इंटेलिजेंस की मदद ली गई। बरामदगी के बाद फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 51 फोन उनके मालिकों को वापस कर दिए गए।

बरामद 80 मोबाइल फोन में सबसे ज्यादा 21 फोन नॉर्थ एवेन्यू थाना क्षेत्र की टीम ने बरामद किए। इनमें से 11 फोन मालिकों को सौंप दिए गए। इसके बाद कर्तव्य पथ थाना और तुगलक रोड थाना की टीम ने 15-15 फोन बरामद किए। कर्तव्य पथ से बरामद सभी 15 में से 10 और तुगलक रोड से बरामद फोन में से छह उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

बाराखंभा रोड थाने की टीम ने 12 मोबाइल बरामद किए, जिनमें से 10 फोन वापस कर दिए गए। संसद मार्ग थाना पुलिस ने सात फोन बरामद किए और पांच मालिकों को सौंप दिए। मंदिर मार्ग थाना क्षेत्र से छह फोन बरामद हुए, जिनमें से तीन लौटाए जा चुके हैं।

तिलक मार्ग थाना पुलिस ने दो फोन बरामद किए और दोनों वापस कर दिए। कनॉट प्लेस थाना क्षेत्र से तीन फोन बरामद हुए, जिनमें से एक मालिक को सौंपा गया। साउथ एवेन्यू थाना और स्पेशल स्टाफ ने एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया। साउथ एवेन्यू से बरामद फोन उसके मालिक को वापस किया जा चुका है। 29 बरामद मोबाइल फोन अभी सत्यापन की प्रक्रिया में हैं। इन फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान और जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें भी संबंधित लोगों को जल्द सौंपा जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोबाइल क्रैक टीमों ने अलग-अलग मामलों में तकनीकी निगरानी और विश्लेषण के जरिए फोन की लोकेशन और इस्तेमाल से संबंधित जानकारी जुटाई। इसके बाद फील्ड टीमों ने समन्वय के साथ कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किए।

मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की कार्रवाई का उद्देश्य लोगों की शिकायतों का प्रभावी तरीके से समाधान करना और पुलिस के प्रति उनका भरोसा मजबूत करना है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.