September 04, 2026

बारिश की हर बूंद सहेजने की कवायद, धमतरी में 357 रिचार्ज पिट को मिली मंजूरी

धमतरी, 04 सितंबर । बारिश के पानी को सहेजकर भू-जल स्तर बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा मजबूत करने की दिशा में धमतरी जिले में नई पहल शुरू की गई है। वीबी-जी रामजी योजनांतर्गत जिले में 357 रिचार्ज पिट निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है और विभिन्न क्षेत्रों में इनका निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

अधिकारियों और मैदानी अमले को निर्माण में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। रिचार्ज पिट ऐसी जल संरक्षण संरचना है, जिसके माध्यम से बारिश के पानी को बहकर बाहर जाने से रोककर जमीन के भीतर पहुंचाने में मदद मिलती है। इससे स्थानीय स्तर पर भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलने के साथ कुओं, हैंडपंपों और अन्य जलस्रोतों के जलस्तर में सुधार की संभावना रहती है।

कृषि प्रधान धमतरी जिले में जल संसाधनों का संरक्षण भविष्य की जरूरतों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण है। रिचार्ज पिट के माध्यम से वर्षा जल को जमीन में समाहित करने की प्रक्रिया को गति देकर प्राकृतिक जलस्रोतों को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला पंचायत द्वारा सभी स्वीकृत कार्यों की मैदानी स्तर पर निगरानी की जा रही है और नियमित निरीक्षण के जरिए प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की जा रही है। लक्ष्य है कि सभी 357 रिचार्ज पिट निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में इनका अधिकतम उपयोग हो सके।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा ने बताया कि रिचार्ज पिट के माध्यम से वर्षा जल को स्थानीय स्तर पर संरक्षित कर भू-जल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि कार्यों को तेजी से पूरा कराने के साथ गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। जिले में रिचार्ज पिट निर्माण की यह पहल बारिश के पानी के संरक्षण से लेकर भू-जल संवर्धन और भविष्य की जल सुरक्षा तक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.