September 04, 2026

रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी परिवहन पकड़ा गया, पिकअप से सात नग साल की लकड़ी जब्त

बलरामपुर, 04 सितंबर । बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रूप से इमारती लकड़ी का परिवहन करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन को जब्त किया है। आज शुक्रवार को विजयनगर सर्किल के परहियाडीह बीट में की गई कार्रवाई के दौरान वाहन से साल की लकड़ी बरामद की गई। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग के अनुसार, कार्रवाई वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में वन अमले ने यह कार्रवाई की।

वन विभाग की टीम ने महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक जेएच01 बीएस 8450 को रोककर जांच की। वाहन में साल के 5 लट्ठे और 2 चौधार, कुल 7 नग लकड़ी मिली। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 0.628 घन मीटर बताई गई है। लकड़ी से लदे पिकअप वाहन को भी वन विभाग ने जब्त कर लिया है।

मामले में शौकत अंसारी (46) और अमजद खान (34), दोनों निवासी चंदरपुर, थाना बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार किया गया है।

वन विभाग के मुताबिक, आरोपितों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) एवं धारा 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जब्ती और आगे की कार्रवाई के दौरान वनपाल दयाशंकर सिंह, वनरक्षक मंगलचन्द्र राम, रूपेन्द्र यादव और अनुराग तिवारी मौके पर मौजूद रहे। वन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लकड़ी और वाहन को जब्त किया।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.