श्रीलंका में ग्रेनेड हमले में दो बच्चों की मौत
कोलंबो, 11 सितंबर। श्रीलंका के पश्चिमी प्रांत के कोलंबो जिले के देहिवला माउंट लाविनिया के कावडान में आज सुबह सिरिसंगाबो रोड पर स्थित एक घर पर हुए हैंड ग्रेनेड हमले में दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने एक बच्चे की आयु 10 वर्ष और दूसरे की 14 वर्ष बताई है।
द मिरर अखबार के अनुसार, पुलिस ने बताया कि 10 साल के बच्चे की मौत कलुबोविला टीचिंग हॉस्पिटल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद हो गई, जबकि उसके 14 साल के भाई की मौत इलाज के दौरान हुई। इस धमाके में उनके 52 साल के पिता और दो अन्य बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि पिता का इलाज चल रहा है। ग्रेनेड हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।