September 11, 2026

डूसू चुनाव के लिए अभाविप ने घोषित किए चार प्रत्याशी

नई दिल्ली, 11 सितंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026-27 के लिए अपने केंद्रीय पैनल के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। अभाविप ने अध्यक्ष पद के लिए यश डबास, उपाध्यक्ष पद के लिए ईशू मौर्य, सचिव पद के लिए रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद के लिए लक्ष्यराज सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

अभाविप ने बताया कि परिषद इस चुनाव में छात्रसंघ में रहते हुए किए गए कार्यों के साथ दिल्ली विश्वविद्यालय के आधारभूत ढांचे में सुधार, महिला सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा सक्रिय एवं उत्तरदायी छात्रसंघ जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। संगठन की ओर से सत्य निकेतन की घटना के बाद सुरक्षित विद्यार्थी आवास के मुद्दे को लेकर चलाया जा रहा 'आखिर कब तक?' अभियान भी चुनाव के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेगा।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि पिछले वर्ष विद्यार्थियों ने अभाविप को डूसू में जिम्मेदारी दी थी। पूरे वर्ष संगठन ने विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को उठाने और उनके समाधान के लिए काम किया। इस चुनाव में अभाविप अपने कार्यों और आगामी प्राथमिकताओं के साथ एक बार फिर विद्यार्थियों के बीच जा रही है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में शिक्षा और सुविधाओं को बेहतर करने के साथ विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए सुरक्षित परिसर सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है। डूसू को विद्यार्थियों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं पर लगातार काम करना चाहिए।

अभाविप दिल्ली के मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि आज दिल्ली विश्वविद्यालय का विद्यार्थी यह देखना चाहता है कि उसके लिए कौन काम कर रहा है और कौन केवल चुनाव के समय दिखाई देता है। अभाविप पूरे वर्ष विद्यार्थियों के बीच रहकर उनके मुद्दे उठाती रही है। सत्य निकेतन की घटना के बाद सुरक्षित पीजी और विद्यार्थी आवास का सवाल भी गंभीरता से सामने आया है, जिसे संगठन 'आखिर कब तक?' अभियान के माध्यम से उठा रहा है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भी अभाविप का फोकस विद्यार्थियों के वास्तविक मुद्दों और उनके समाधान पर रहेगा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.