पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जेएमबी के स्लीपर सेल की तलाश तेज
कोलकाता, 01 अक्टूबर । पश्चिम बंगाल में प्रतिबंधित कट्टरपंथी आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) से जुड़े युवाओं की तलाश में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कार्रवाई तेज कर दी है। एनआईए की जांच में सामने आया है कि जेएमबी से जुड़े लोग राज्य के विभिन्न जिलों के युवाओं को कथित तौर पर कट्टरपंथ की ओर आकर्षित कर संगठन से जोड़ने की कोशिश कर रहे थे।
मंगलवार को एनआईए की अलग-अलग टीमों ने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान और दक्षिण 24 परगना जिलों में एक साथ छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से ऐसे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, जिनमें राज्य के विभिन्न जिलों के उन युवाओं के नाम होने की जानकारी मिली है, जो इन आरोपितों के लगातार संपर्क में थे।
जांच में यह भी सामने आया कि जेएमबी से जुड़े लोग युवाओं तक पहुंचने के लिए कथित तौर पर दो चरणों में काम कर रहे थे। पहले चरण में साेशल मीडिया प्लेटफार्म टेलीग्राम पर ‘पूर्व आकाश’ नाम के जरिए जेएमबी से संबंधित संदेश फैलाए जाते थे। इन संदेशों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देने वाले युवाओं की पहचान करने के बाद गिरफ्तार आरोपित उनसे व्यक्तिगत रूप से या छोटे समूहों में संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें कथित तौर पर संगठन से जुड़ने के लिए प्रभावित किया जाता था।
एनआईए के अनुसार, शुरुआती प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन युवाओं से एन्क्रिप्टेड चैट के माध्यम से संपर्क किया जाता था। इन बातचीत में देश के अलग-अलग हिस्सों में नेटवर्क तैयार करने और तोड़फोड़ जैसी आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने से संबंधित बातें किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि गिरफ्तार आरोपित अपने स्तर पर धन जुटाने के लिए क्राउडफंडिंग व्यवस्था भी चला रहे थे। उनके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और जेहादी साहित्य बरामद किए गए हैं।
मंगलवार को एनआईए ने सबसे पहले पूर्व बर्दवान जिले के मंगलकोट थाना क्षेत्र के पालिशग्राम गांव की एक मस्जिद से जुड़े इमाम पीर मोहम्मद शेख को गिरफ्तार किया। इसके बाद दक्षिण 24 परगना जिले से जुम्मन शेख, शहरुल पुराकायत और अब्दुल रफीक को गिरफ्तार किया गया। जुम्मन शेख को मिठापुकुर, शहरुल पुराकायत को बलरामपुर और अब्दुल रफीक को नरेंद्रपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
वहीं, पश्चिम बंगाल में जेएमबी से जुड़े एक अन्य संदिग्ध मुजीबुर रहमान की तलाश जारी है। दक्षिण दिनाजपुर जिले के बंशीहारी-कुशकरी गांव निवासी मुजीबुर रहमान के घर पर भी मंगलवार को एनआईए की टीम ने छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया, लेकिन वह घर पर नहीं मिला।
जेएमबी के स्लीपर सेल को ध्वस्त करने की चल रही जांच के तहत एनआईए की विभिन्न टीमों ने मंगलवार सुबह पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया। इसी कार्रवाई के दौरान चार संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है।