October 26, 2026

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 से भी बाहर हुए ईशान किशन, मैच फिटनेस हासिल करने में लगेगा समय

वेलिंगटन, 26 अक्टूबर । भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेले जाने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से भी बाहर हो गए हैं। दाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव से उबर रहे ईशान ने अभी मैच खेलने की फिटनेस हासिल नहीं की है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। बोर्ड के अनुसार, ईशान की चोट में सुधार हो रहा है, लेकिन उनकी स्थिति पर मेडिकल टीम लगातार नजर रख रही है। विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मुकाबले के लिए भारतीय टीम के साथ बने रहेंगे।

बीसीसीआई ने जारी किया पूरा बयान

बीसीसीआई ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा, “ईशान किशन न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान दाएं पैर की मांसपेशियों में हुए हल्के खिंचाव से अच्छी तरह उबर रहे हैं। हालांकि, वह अभी मैच खेलने की फिटनेस हासिल नहीं कर पाए हैं और 27 अक्टूबर, 2026 को वेलिंगटन में खेले जाने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ईशान की रिकवरी पर नजर रख रही है।"

कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए टीम के साथ बने रहेंगे।”

पहले मैच में लगी थी चोट

ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के पहले टी20 मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद भारतीय टीम को अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करना पड़ा था। ईशान आमतौर पर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन उनकी चोट के कारण तिलक वर्मा को तीसरे नंबर पर उतारा गया था।

ईशान ने पहले मुकाबले में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की थी। हालांकि, वह तीन गेंदों पर केवल एक रन बनाकर मिशेल सैंटनर की गेंद पर लेग साइड की बाउंड्री के पास कैच आउट हो गए थे।

वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है फिर मौका

ईशान की अनुपस्थिति में दूसरे टी20 मुकाबले के लिए वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया था। एशियाई खेलों में भारत की खिताबी जीत के दौरान सेमीफाइनल और फाइनल में खेलने के बाद वैभव पिछले चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में टीम की अंतिम एकादश से बाहर थे।

दूसरे मुकाबले में मौका मिलने के बाद अब उनके तीसरे टी20 में भी खेलने की संभावना है। हालांकि, अंतिम एकादश की आधिकारिक पुष्टि मैच के दिन ही होगी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा टी20 मुकाबला 27 अक्टूबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.