जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। वह 2011 के बाद पहली बार बेसल में खेल रहे हैं।
बेसल, 29 अक्टूबर । सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने बुधवार को बेसल ओपन में खेले गए अपने पहले मुकाबले में फ्रांस के उगो हम्बर्ट को तीन सेटों में हराकर एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। 39 वर्षीय जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए 4-6, 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। वह 2011 के बाद पहली बार बेसल में खेल रहे हैं।
जोकोविच ने मुकाबले के बाद कहा, “यह बेहद करीबी और शुरुआत से ही काफी चुनौतीपूर्ण मुकाबला था। पहले अंक से ही मुझे दबाव का सामना करना पड़ा। मुझे उनके आक्रामक खेल का सामना करना था, लेकिन दूसरे सेट की शुरुआत में मैं अपनी लय हासिल करने में सफल रहा।”
उन्होंने कहा, “इसके बाद मुझे उनके खेल की गति के साथ तालमेल बैठाने में थोड़ी सहजता महसूस हुई। कुल मिलाकर यह बड़ी चुनौती थी। आज के कठिन मुकाबले में मैं समाधान तलाशने में सफल रहा।”
रिकॉर्ड 19वीं बार क्वालीफाई करने पर नजर
जोकोविच ने इस महीने की शुरुआत में बीजिंग में चाइना ओपन का खिताब जीतकर एटीपी फाइनल्स में रिकॉर्ड 19वीं बार जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया था। यह उनके करियर का 102वां खिताब था।
हालांकि, इसके बाद उन्हें शंघाई मास्टर्स में शुरुआती दौर में ही बाहर होना पड़ा। 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच ने ट्यूरिन में होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में 11वें स्थान पर खिसकने के बाद स्विट्जरलैंड की इस प्रतियोगिता में वाइल्ड कार्ड के जरिए प्रवेश किया।
जोकोविच सात बार एटीपी फाइनल्स का खिताब जीत चुके हैं, लेकिन चोट के कारण पिछले दो संस्करणों में हिस्सा नहीं ले पाए थे। इस टूर्नामेंट में 15 से 22 नवंबर तक दुनिया के शीर्ष आठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हालांकि, इटली के यानिक सिनर घुटने की समस्या के कारण पहले ही टूर्नामेंट से हट चुके हैं।
बेसल में चौथी वरीयता प्राप्त जोकोविच अगले दौर में जर्मनी के यान-लेनार्ड स्ट्रफ से भिड़ेंगे। स्ट्रफ के खिलाफ जोकोविच का जीत-हार का रिकॉर्ड 8-0 है।