April 07, 2026

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा, तैयारियां तेज

आसनसोल, 07 अप्रैल । पश्चिम बंगाल के चुनावी महासंग्राम के बीच नौ अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आसनसोल के पोलो ग्राउंड स्टेडियम में एक बड़ी चुनावी जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। इस जनसभा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की इस रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

जनसभा को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। पोलो ग्राउंड स्थित स्टेडियम परिसर को बड़े पैमाने पर सजाया और व्यवस्थित किया जा रहा है ताकि हजारों की संख्या में पहुंचने वाले लोगों के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और मीडिया कवरेज के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

भाजपा के स्थानीय नेताओं के अनुसार, इस जनसभा के जरिए पार्टी आसनसोल क्षेत्र और आसपास की विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी की इस रैली से कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ेगा और मतदाताओं पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

प्रधानमंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल से लेकर हेलीपैड तक पूरे क्षेत्र को हाई सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आसनसोल कोर्ट क्षेत्र से लेकर गैलेक्सी मॉल इलाके तक को आंशिक रूप से नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है। इस दौरान आम आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किए जा रहे हैं। केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों की तैनाती के साथ-साथ स्थानीय पुलिस भी मुस्तैदी से ड्यूटी पर लगी हुई है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.