April 14, 2026

बंगाल में भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम कर रही तृणमूल : राहुल गांधी

कोलकाता, 14 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। मंगलवार को कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी बंगाल पहुंचे। रायगंज में चुनावी जनसभा के दौरान कांग्रेस नेता ने तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर हमला बोला।

जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बंगाल में भाजपा के बढ़ते प्रभाव के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ही जिम्मेदार है। बंगाल में भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम तृणमूल कर रही है और उसके लिए रास्ता तैयार कर रही है। यदि तृणमूल कांग्रेस ने सही तरीके से शासन किया होता और राज्य में हिंसा का माहौल न बनने दिया होता, तो भाजपा के यहां उभरने का सवाल ही नहीं उठता। भाजपा बंगाल में दिखाई भी नहीं देती, लेकिन ममता सरकार ने ऐसा नहीं किया।

राहुल ने दोनों पार्टियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में तृणमूल और भाजपा में कोई बड़ा अंतर नहीं है। कांग्रेस नेता ने सारदा चिट फंड घोटाला और रोज वैली चिट फंड घोटाला का जिक्र कर कहा कि आज तक निवेशकों का पैसा वापस नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कोल स्मगलिंग, गैरकानूनी खनन, गुंडा टैक्स से तृणमूल अपने सिंडिकेट को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि तृणमूल ने 2021 के घोषणापत्र में पांच लाख लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता को कुछ नहीं मिला। उल्टा यहां की कंपनियां और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स बंद हो गईं।

राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हम हिंसा और अपराध की बात करते हैं, तो हमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए दुष्कर्म और हत्या मामले की भी बात करनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा और टीएमसी के नेता हिंसा का प्रयोग करते हैं, लेकिन कांग्रेस हिंसा के खिलाफ है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.