May 01, 2026

दिल्ली पुलिस सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड में फिर नंबर-1, लगातार छठी बार हासिल की टॉप रैंक

नई दिल्ली, 01 मई। दिल्ली पुलिस ने तकनीक आधारित पुलिसिंग और डिजिटल डेटा प्रबंधन में एक बार फिर देशभर में अपनी बादशाहत कायम रखी है। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीएनएस प्रगति डैशबोर्ड पर 100 प्रतिशत स्कोर हासिल करते हुए सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह लगातार छठी बार है जब दिल्ली पुलिस ने यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले दिल्ली पुलिस अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर 2025 में लगातार 100 प्रतिशत अंक के साथ शीर्ष पर रही थी। इसके बाद जनवरी, फरवरी और अब मार्च 2026 में भी पहला स्थान बरकरार रखते हुए डिजिटल पुलिसिंग में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया है।

पुलिस मुख्यालय से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा मॉनिटर किए जाने वाले प्रगति डैशबोर्ड पर राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों का मूल्यांकन डेटा की गुणवत्ता, मात्रा, समयबद्धता और शुद्धता के आधार पर किया जाता है।

इसमें सीसीटीएनएस के तहत थानों की कनेक्टिविटी, डिजास्टर रिकवरी सेंटर, कोर एप्लिकेशन मॉड्यूल में डेटा एंट्री, पुराने रिकॉर्ड का डिजिटाइजेशन, एफआईआर की इलेक्ट्रॉनिक कोर्ट सबमिशन, नागरिक सेवाएं और आईसीजेएस समीक्षा बैठकें जैसे मानकों को शामिल किया जाता है।

पुलिस के अनुसार, इस उपलब्धि में क्राइम ब्रांच की सीसीटीएनएस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने डेटा क्वालिटी की लगातार निगरानी, जिलों और थानों के साथ रियल-टाइम समन्वय, तकनीकी व प्रक्रियागत समस्याओं का समय पर समाधान तथा नियमित प्रशिक्षण के जरिए सिस्टम को मजबूत बनाए रखा।

सभी पुलिस जिलों की सक्रिय भागीदारी और समयबद्ध रिकॉर्ड अपडेटिंग ने भी इस सफलता में अहम योगदान दिया। जांच रिकॉर्ड का सही और समय पर डिजिटाइजेशन तथा तकनीकी टीमों के साथ समन्वय बनाए रखने से दिल्ली पुलिस को शीर्ष स्थान बरकरार रखने में मदद मिली।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.