मुख्यमंत्री ने स्व-गणना के माध्यम से जनगणना में अपना विवरण किया दर्ज
नई दिल्ली, 01 मई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को जनसेवा सदन में स्व-गणना के माध्यम से जनगणना में अपना विवरण दर्ज किया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आसान है और पूरी तरह सुरक्षित भी, जिससे हर नागरिक सहजता से इस अभियान से जुड़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर अपने फोटो साझा करते हुए कहा कि सही जानकारी ही सही नीतियों की नींव बनती है। जब आंकड़े सटीक होते हैं, तभी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचता है और विकास सच में सबको साथ लेकर आगे बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों से स्व-गणना में जरूर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आपकी भागीदारी ही विकसित दिल्ली और विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली कैंट, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद में 16 अप्रैल से ही जनगणना 2027 अभियान शुरू है। 1 मई से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सभी वार्डों में जनगणना-2027 का पहला चरण शुरू हो चुका है। इन क्षेत्र में रहने वाले लोग 15 मई तक ऑनलाइन स्व-गणना कार्य कर सकते हैं।