May 09, 2026

बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने किया पदभार ग्रहण

बीजापुर, 09 मई । जिले नव-पदस्थ कलेक्टर विश्वदीप ने आज शनिवार को पदभार ग्रहण कर लिया, वे वर्ष 2019 बैच के युवा आईएएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे रायपुर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी रायपुर के प्रबंध संचालक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

जिले के 14वें कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। युवा और ऊर्जावान प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उनकी पहचान को देखते हुए जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पदभार ग्रहण के अवसर पर अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इसके बाद नवपदस्थ कलेक्टर ने इन्द्रावती सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे चुनौतीपूर्ण जिले में कार्य कर रहे अधिकारी-कर्मचारी सराहनीय कार्य कर रहे हैं, लेकिन योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक संवेदनशीलता एवं सक्रियता की आवश्यकता है। उन्होंने सभी विभागों को पूरी तन्मयता और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने वर्तमान में संचालित सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों की समीक्षा करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिक से अधिक प्रकरणों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। बैठक में “बस्तर मुन्ने” एवं “नियद नेल्लानार 2.0” अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि इन अभियानों में शत-प्रतिशत सैचुरेशन प्रशासन की पहली प्राथमिकता होगी। शिविरों के दौरान पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें तत्काल योजनाओं से जोड़ा जाए।

कलेक्टर ने जनगणना 2026 की तैयारियों को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्य पूरी जिम्मेदारी और सटीकता के साथ संपादित किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया। बैठक में संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.