बुजुर्ग महिला की मौत के बाद फिर सक्रिय हुआ लोनर हाथी, दो घरों में मचाई तबाही
कोरबा, 25 जून । कटघोरा वनमंडल में एक बार फिर लोनर हाथी का आतंक देखने को मिला है। एक दिन पहले वृद्ध महिला की जान लेने के बाद हाथी ने बुधवार देर रात मदनपुर और करैहापारा गांव में घुसकर दो मकानों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने हाथी की निगरानी तेज करते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जानकारी के अनुसार, सरगुजा वनमंडल से भटककर केंदई रेंज पहुंचे इस लोनर हाथी की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद से वह कई बार आबादी वाले इलाकों में पहुंच चुका है। मंगलवार को पतुरियाडांड के जंगल में लकड़ी और अन्य वनोपज लेने गई एक वृद्ध महिला पर हाथी ने हमला कर दिया था। हाथी के पैरों तले कुचलने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
इस घटना के 24 घंटे भी नहीं बीते थे कि बुधवार रात हाथी मदनपुर के आश्रित ग्राम करैहापारा पहुंच गया। यहां उसने तुलेश्वर सिंह गोंड़ और शांति बाई के मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी की आवाज सुनकर दोनों परिवार समय रहते घर के सुरक्षित हिस्से में चले गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और पटाखों की आवाज से हाथी को गांव से बाहर निकाला। काफी देर तक चले रेस्क्यू प्रयास के बाद हाथी वापस जंगल की ओर चला गया।
कटघोरा वन मंडल डीएफओ निशांत कुमार ने गुरुवार काे बताया कि हाथी की लोकेशन फिलहाल पुटा जंगल में मिली है। मैदानी टीम के साथ ड्रोन कैमरे से उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को रात के समय घरों से अनावश्यक बाहर नहीं निकलने और जंगल की ओर जाने से बचने की हिदायत दी गई है।
उधर, जटगा रेंज के मेढ़उड़ पहाड़ पर मौजूद 27 हाथियों के दल में से कुछ हाथियों के भी नीचे उतरने की सूचना है। इसे देखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों से कटघोरा वनमंडल के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।