July 07, 2026

नकटी गांव में तोड़फोड़ को कांग्रेस ने बताया अमानवीय, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर, 07 जुलाई । नकटी गांव में हुई तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। राजीव भवन में मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने कार्रवाई को अमानवीय और गैरकानूनी बताया।

धनेन्द्र साहू ने कहा कि, सरकार ने बिना उचित योजना और पुनर्वास की व्यवस्था किए गरीबों के मकान तोड़ दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि, बारिश के मौसम में लोगों को बेघर करना क्रूरता है। साहू ने दावा किया कि 85 मकान तोड़े गए हैं, जिनमें 25 से अधिक प्रधानमंत्री आवास भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, यदि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, सरकार नकटी गाँव में विधायकों के आवास निर्माण को लेकर लगातार विरोधाभासी बयान दे रही है। उन्होंने दावा किया कि, आवास एवं पर्यावरण विभाग के पत्र से स्पष्ट है कि नकटी गांव की जमीन विधायकों के आवास के लिए चिन्हित की गई थी। उन्होंने भाजपा नेताओं पर तथ्यों को छिपाने का आरोप लगाया।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान नकटी गांव में विधायक आवास बनाने का प्रस्ताव आया था, लेकिन उसे मंजूरी नहीं दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पुनर्वास की समुचित व्यवस्था किए बिना लोगों के घरों पर बुलडोजर चला दिया। उन्होंने कहा कि विस्थापित परिवारों को दूरस्थ स्थानों पर अपर्याप्त सुविधाओं वाले छोटे मकान दिए गए हैं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि मूल ग्रामवासियों को अतिक्रमणकारी बताना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की आवाज उठाने वालों को परेशान किया जा रहा है और विस्थापन के बाद ग्रामीणों के साथ-साथ उनके पशुओं के सामने भी संकट खड़ा हो गया है।

पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक अनिता शर्मा, पंकज शर्मा, डॉ. राकेश गुप्ता, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.