July 22, 2026

देशभर के शिक्षण संस्थानों में गुरुवार को 'छात्र संवाद' आयोजित करेगी कांग्रेस

नई दिल्ली, 22 जुलाई। कांग्रेस ने पेपर लीक, परीक्षाओं में देरी, भर्ती प्रक्रिया में अनिश्चितता, शिक्षा की बढ़ती लागत और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को देशव्यापी स्तर पर विस्तार देने का ऐलान किया है। इसके तहत गुरुवार, 23 जुलाई को देशभर के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में विशेष छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में कांग्रेस नेता छात्रों से सीधे संवाद करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे, राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के उद्देश्यों से उन्हें अवगत कराएंगे तथा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को एक बयान में कहा कि देशभर के छात्र शिक्षा और रोजगार से जुड़े गंभीर संकटों का सामना कर रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है और अब अभियान को सीधे छात्रों तक ले जाया जाएगा।

वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी ने 17 जून को राजस्थान के कोटा से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की थी, जिसे 17 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून में आगे बढ़ाया गया। अभियान का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को कथित भ्रष्टाचार, शोषण और अव्यवस्था से मुक्त कराना तथा छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 21 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया गया।

कांग्रेस ने अपने नेताओं और पदाधिकारियों से तत्काल संबंधित शहर समन्वयकों के संपर्क में आने तथा निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर छात्रों से संवाद स्थापित करने को कहा है। पार्टी के निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम के दौरान प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, राहुल गांधी के कोटा संबोधन का वीडियो दिखाया जाएगा तथा पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली, भर्ती प्रक्रियाओं और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

कांग्रेस ने नेताओं से छात्रों को ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के उद्देश्य, गतिविधियों और प्रमुख मांगों की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें अभियान की वेबसाइट पर पंजीकरण कर सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने को भी कहा है। बयान में कहा गया कि यह संवाद एकतरफा न होकर सहभागितापूर्ण होना चाहिए, ताकि छात्र अपने अनुभव, समस्याएं, सुझाव और आकांक्षाएं खुलकर साझा कर सकें।

बयान में कहा गया कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने, शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता बहाल करने और रोजगार संबंधी चिंताओं को प्रमुखता से उठाने के लिए देशव्यापी जनदबाव बनाना आवश्यक है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.