July 22, 2026

समरदुंग सुरंग त्रासदी: एनडीआरएफ समेत आसनसोल रेस्क्यू टीम ने फिर शुरू किया खोज एवं बचाव अभियान

नाम्ची, 22 जुलाई । दक्षिण सिक्किम के नाम्ची जिले अंतर्गत समरदुंग, झोलुंगे स्थित एनएचपीसी तीस्ता चरण-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में खोज एवं बचाव अभियान बुधवार सुबह से फिर शुरू कर दिया गया। सुरंग के भीतर भारी मात्रा में कीचड़ और पानी जमा होने के कारण कुछ समय के लिए बचाव अभियान रोकना पड़ा था।

सुरंग से मंगलवार तक 12 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, सुरंग के भीतर प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण बचाव दल अभियान को आगे जारी नहीं रख सके थे। आज तड़के से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और आसनसोल रेस्क्यू टीम के सदस्य पूरी प्रतिबद्धता के साथ फिर से बचाव अभियान में जुट गए हैं। फिलहाल सुरंग से जमा पानी को पंप के माध्यम से बाहर निकाला जा रहा है। पानी पूरी तरह निकालने और स्थल को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद शेष शवों की तलाश और उन्हें बाहर निकालने का अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।

इस बीच, बचाव कार्य में लगे सुरक्षाकर्मियों और राहतकर्मियों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए घटनास्थल पर चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस तैनात हैं। किसी भी गंभीर चिकित्सीय आपात स्थिति में संबंधित कर्मियों को विशेषज्ञ उपचार के लिए रंगपो अस्पताल भेजा जाएगा।

दक्षिण सिक्किम के नाम्ची जिले अंतर्गत समरदुंग, झोलुंगे स्थित एनएचपीसी की सुरंग में 20 जुलाई की दोपहर कथित जहरीली गैस के रिसाव के बाद बड़ा हादसा हुआ था। हादसे के समय सुरंग के भीतर 25 से अधिक श्रमिक कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया था। मंगलवार शाम तक 12 लोगों के शव बाहर निकाले जा चुके थे। इसके अलावा, सुरंग के भीतर आठ और शव देखें जाने की जानकारी मिली है। हालांकि, प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण शवों को अभी तक बाहर नहीं निकाला जा सका है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.