August 04, 2026

केजरीवाल ने ई20 के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर साधा निशाना


नई दिल्ली, 04 अगस्त । आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ई-20 के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की चिंताओं को नजरअंदाज कर रही है और अमेरिका के दबाव में ई-20 नीति लागू कर रही है।

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि ई-20 के विरोध में 2,33,238 हस्ताक्षरों वाली याचिका प्रधानमंत्री को सौंपने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन एक महीने बाद भी मिलने का समय नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि आज जब सभी याचिकाएं लेकर प्रधानमंत्री आवास पर पहुंचे तो वहां भी उन्हें मिलने की अनुमति नहीं मिली।

केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने संसद में स्वीकार किया है कि ई-20 से वाहनों का माइलेज कम होता है और इंजन के कुछ रबर कंपोनेंट प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि फिर सरकार इस नीति को जबरन लागू क्यों कर रही है।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में भारत को इथेनॉल खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अमेरिका के दबाव में आने के बजाय देशहित में निर्णय लेना चाहिए और ई-20 नीति वापस लेनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पंजाब विधानसभा में आम आदमी पार्टी की सरकार ने ई20 वापस लेने का प्रस्ताव पारित किया है। अब गोवा, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में भी पार्टी के विधायक ई20 वापस लेने का प्रस्ताव पेश करेंगे।

केजरीवाल ने कहा कि अब इस मुद्दे पर बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जनता को ई-20 से राहत चाहिए तो लोगों को सड़कों पर उतरना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान माहौल में सरकार के खिलाफ आवाज उठाना आसान नहीं है, फिर भी जनता को अपने हक के लिए लड़ना होगा ताकि इस तरह से उन पर ई20 नीति न थोपी जा सकें।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार विदेशी मुद्रा बचाने और किसानों को लाभ पहुंचाने के दावों के विपरीत अमेरिका से इथेनॉल आयात करने की दिशा में बढ़ रही है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.