August 12, 2026

नेपाल की सत्तारूढ़ आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने का आठ दिवसीय चीन भ्रमण तय, राष्ट्रपति से नहीं होगी मुलाकात

काठमांडू, 12 अगस्त । नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने अगस्त के अंतिम सप्ताह में चीन के आठ दिवसीय दौरे पर जाने वाले हैं। उनके चीन दौरे की तारीख 23 से 30 अगस्त तय की गई है।

पार्टी के महासचिव विपिन आचार्य के अनुसार, यह यात्रा चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के निमंत्रण पर होगी। आरएसपी के सत्ता में आने के बाद लामिछाने इससे पहले भारत के सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निमंत्रण पर पांच दिवसीय भारत दौरे पर गए थे। चीन की यह उनकी पहली यात्रा होगी।

हालांकि, चीन के राष्ट्रपति और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सी जिनपिंग से लामिछाने की मुलाकात की संभावना नहीं है। उनकी प्रारंभिक यात्रा कार्यक्रम में शी के साथ मुलाकात का कोई कार्यक्रम शामिल नहीं है। रवि लामिछाने के तरफ से सी से मुलाकात तय करने का बहुत प्रयास किया गया लेकिन अंतिम समय तक भी वो संभव नहीं हो पाया।

काठमांडू स्थित चीनी दूतावास के अनुसार, चीन के प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रपति शी आम तौर पर केवल राष्ट्राध्यक्षों या सरकार प्रमुखों से ही मुलाकात करते हैं। इसी कारण लामिछाने और शी के बीच मुलाकात संभव नहीं मानी जा रही है।

बीजिंग में लामिछाने की चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग और विदेश मंत्री वांग यी से मुलाकात लगभग तय बताई जा रही है। उनकी पहली बैठक चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के विदेश विभाग के प्रमुख लियू हाईशिंग के साथ होगी। लियू ने ही लामिछाने को चीन यात्रा का निमंत्रण दिया है।

लामिछाने पांच सदस्यीय नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में उनकी पत्नी निकिता पौड्याल के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है। बीजिंग के बाद लामिछाने के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल तिब्बत स्थित कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर भी जाएगा।

इससे पहले जून के महीने में भारत दौरे के दौरान रवि लामिछाने ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, विदेशमंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की थी। इसके अलावा उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के अन्य नेताओं के साथ भी विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की थी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.