आज लगातार दूसरे दिन घरेलू शेयर बाजार झुलस गया, निवेशकों को 1.47 लाख करोड़ की चपत लगी
नई दिल्ली, 08 सितंबर । पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में लगातार हो रही बढ़ोतरी की आंच में आज लगातार दूसरे दिन घरेलू शेयर बाजार झुलस गया। दुनिया भर के शेयर बाजार में मची घबराहट का असर भारत में भी नजर आया। इसकी वजह से सेंसेक्स आज इंट्रा-डे में 579.46 अंक टूट गया। इसी तरह निफ्टी ने भी इंट्रा-डे में 156.05 अंक तक का गोता लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.73 प्रतिशत और निफ्टी 0.61 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। बाजार में आई गिरावट की वजह से शेयर बाजार के निवेशकों को आज लगभग 1.47 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 162.53 अंक यानी 0.21 प्रतिशत टूट कर 75,970.28 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी देर में ही यह सूचकांक 40 अंक से अधिक सुधर कर 76,012.11 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स गिरता चला गया। हालांकि खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी की लेकिन वैश्विक स्तर पर बने निगेटिव सेंटिमेंट्स की वजह से बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि खरीदारों की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी।
शेयरों की लगातार हो रही बिकवाली की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 579.46 अंक यानी 0.76 प्रतिशत लुढ़क कर 75,553.35 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई हल्की-फुल्की खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से मामूली रिकवरी कर 555.23 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 75,577.58 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 36.05 अंक यानी 0.15 प्रतिशत फिसल कर 23,743.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से करीब 15 अंक की रिकवरी कर 23,758.95 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में लगातार शेयरों की बिक्री होने लगी। बिकवाली के दबाव की वजह से निफ्टी की चाल कमजोर पड़ती चली गई।
लगातार हो रही बिकवाली की वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 156.05 अंक यानी 0.66 प्रतिशत फिसल कर 23,623.10 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे के कारण हुई खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी निचले स्तर से मामूली रिकवरी कर 144.05 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,635.10 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, आईटी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और मेटल सेक्टर के शेयरों की जमकर बिकवाली होती रही। दूसरी ओर, कैपिटल गुड्स, हेल्थकेयर और मीडिया सेक्टर के शेयरों की आज लगातार खरीदारी होती रही। इसके अलावा एफएमसीजी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑटोमोबाइल इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.17 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई गिरावट के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घटकर 486.25 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 487.72 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.47 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिनभर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,609 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,096 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,291 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 222 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,256 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,492 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान और 1,764 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से नौ शेयर बढ़त के साथ और 21 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 17 शेयर हरे निशान, 31 शेयर लाल निशान और दो शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए।
पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.62 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.02 प्रतिशत, ओएनजीसी 0.98 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 0.98 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 0.93 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 2.04 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 1.97 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 1.67 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 1.49 प्रतिशत और लार्सन एंड टूब्रो 1.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।