September 08, 2026

यूको बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेंद्र कुमार साबू ने बैंक की विभिन्न लाभकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कोलकाता, 08 सितंबर । यूको बैंक ने 'कंसर्न फॉर कलकत्ता' के सहयोग से शहर के होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में एमएसएमई, रिटेल, रिसोर्स और एग्रीकल्चर सेक्टर से जुड़े उद्यमियों एवं व्यवसायियों के लिए एक विशेष कार्निवल का आयोजन किया। कार्यक्रम में बैंक की विभिन्न योजनाओं और वित्तीय उत्पादों की जानकारी देते हुए उद्यमियों को उनका लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया गया।

यूको बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेंद्र कुमार साबू ने बैंक की विभिन्न लाभकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उद्योग और व्यवसाय से जुड़े लोगों को बैंक की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर 'कंसर्न फॉर कलकत्ता' के प्रेसिडेंट नारायण जैन ने राज्य में बदले राजनीतिक परिदृश्य के बाद उद्योग और व्यापार के लिए बने माहौल पर अपने विचार रखे। उन्होंने उद्योग शुरू करने के इच्छुक लोगों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि यूको बैंक उचित ब्याज दरों पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद करेगा।

कार्यक्रम में यूको बैंक की जनरल मैनेजर ज्योति शर्मा और लकी नायक ने बैंक के विभिन्न उत्पादों और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से टेक्सटाइल उद्योग, आवास और वाहन खरीदने वाले ग्राहकों तथा स्टार्टअप क्षेत्र के लिए उपलब्ध बैंकिंग सेवाओं और संभावनाओं पर चर्चा की।

इस इंटरैक्टिव कार्यक्रम में कई उद्यमियों और व्यवसायियों सहित 'कंसर्न फॉर कलकत्ता' के 120 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने बैंकिंग सेवाओं, ऋण योजनाओं और अन्य वित्तीय सुविधाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका यूको बैंक की टीम और अधिकारियों ने जवाब दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों और व्यवसाय जगत से जुड़े लोगों ने बैंक की डिजिटलाइजेशन की दिशा में की जा रही पहल और प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर गगनजीत गुजराल, पवन पहाड़िया, सीए के. एन. गुप्ता (सेक्रेटरी, कंसर्न फॉर कलकत्ता), लेखा शर्मा, एन. श्रीकांत (जोनल हेड, साल्ट लेक), के. एस. अधिकारी, डॉ. पूर्णेंदु रॉय, ओ. पी. झुनझुनवाला, डी. सी. चौधरी, कमल जिंदल सहित व्यवसाय जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग किया।

कार्यक्रम के अंत में जोनल हेड कपिल बिश्नोई ने सभी अतिथियों, व्यवसायियों और ग्राहकों का उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योग, व्यापार, एमएसएमई, कृषि और स्टार्टअप क्षेत्र से जुड़े लोगों को यूको बैंक की विभिन्न वित्तीय योजनाओं और सेवाओं से जोड़ते हुए उनके व्यवसायिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.