प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर खाटू श्याम विशाल मंदिर दिल्ली धाम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हवन और रक्तदान किया
नई दिल्ली, 17 सितंबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर खाटू श्याम विशाल मंदिर दिल्ली धाम में आयोजित 108 कुण्डीय यज्ञ में विधिवत हवन कर उनके दीर्घ, यशस्वी और राष्ट्रसेवा को समर्पित जीवन के लिए मंगलकामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने त्यागराज स्टेडियम में मेगा रक्तदान शिविर में केंद्रीय राज्य मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित दिल्ली सरकार के मंत्रियों के साथ मिलकर रक्तदान किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर खाटू श्याम विशाल मंदिर दिल्ली धाम में आयोजित 108 कुण्डीय यज्ञ में 17,000 ट्रस्टी सहभागी हुए और दिव्यांग बच्चों ने सुंदरकांड का पाठ कर प्रधानमंत्री के दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम हमारे प्रधानसेवक को निरंतर ऊर्जा, सामर्थ्य और सफलता प्रदान करें तथा राष्ट्रहित के उनके प्रत्येक संकल्प को सिद्धि मिले।